5 माह से नहीं मिला वेतन, कैसे चलेगी गृहस्थी

 5 माह से नहीं मिला वेतन, कैसे चलेगी गृहस्थी



बालाघाट। नगर पालिका मलाजखण्ड में संविदा पर पदस्थ फायरमैन पिछले 5 माह से वेतन नहीं देने और कार्य से पृथक करने को लेकर नगरपालिका परिषद मोहगांव मलाजखंड के खिलाफ हड़ताल पर बैठ गया है। कर्मचारी की मांग है कि उसे बिना कारण से कार्य से पृथक किया गया है, यदि उसे फिर से कार्य पर नहीं लिया जाता है तो उसकी अनिश्चित कालीन हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताल पर बैठे कर्मचारी कृष्ण कुमार ने बताया कि वह जिला प्रशासन को सूचना देकर नगर पालिका मलाजखंड कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गया है। कृष्ण कुमार ने नगर पालिका प्रशासन पर आरोप लगाया कि उनके द्वारा नियमित रूप से सेवा करने के उपरांत भी नपा के अधिकारियों के द्वारा भेदभाव पूर्ण रवैया अपनाते हुये कार्य से हटा दिया गया है। कई बार नपा सीएमओ और अन्य अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद भी उसे नगरपालिका प्रशासन द्वारा कार्य पर नही रखा जा रहा है, जिससे उनके सामने जीवन निर्वाह करना मुश्किल हो गया है। जब उसे फिर से कार्य पर नही रखा गया तो वह नपा प्रशासन के खिलाफ अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल कर रहा है।

कर्मचारियों से हो रहा भेदभाव

हड़ताल पर बैठे कर्मचारी कृष्ण कुमार ने बताया की नगरपालिका के अधिकारियों के द्वारा नपा में पदस्थ छोटे कर्मचारियों को भेदभाव का शिकार होना पड़ता है तथा उनसे निर्धारित समय से भी ज्यादा कार्य कराया जाता है और मना करने पर उन्हें नौकरी से निकाल देने की धमकी दी जाती है लेकिन जो इन अफसरों की जी हुजूरी करता है उन्हें उपकृत किया जाता है। ऐसे ही नगरपालिका परिषद में कई वरिष्ठ अधिकारियों के द्वारा अपने सगे संबंधियों को नौकरी पर रखा गया है, जिनके द्वारा लापरवाही करने के बावजूद भी कोई कार्यवाही नही की जा रही है और बेगूनाह छोटे कर्मचारियों को यहां पर प्रताडि़त किया जाता है।

बीमार होने के बाद भी नही मिला वेतन

फायरमैन कृष्ण कुमार ने बताया कि उन्हें विगत 5 माह से वेतन भी नही दिया जा रहा है, जबकि लॉकडाउन के समय स्वास्थ्य खराब होने की सूचना सीएमओ साहब को दी गई थी, लेकिन फिर भी उन्हें वेतन नही दिया गया। वहीं दूसरी और अन्य अधिकारियों के रिश्तेदारों को ड्यूटी के दौरान लापरवाही एवं पुरे समय काम ना करने पर भी पूरा वेतन दे दिया गया। कार्य के दौरान नगरपालिका के अधिकारियेां के द्वारा की गई उपेक्षा और समय पर वेतन नही मिलने से परेशान होकर नपा प्रशासन के खिलाफ भूख हड़ताल की जा रही है।

इनका कहना है

नगर परिषद में सविधा फायरमैन कर्मचारी को सेवा से पृथक कर दिया गया है, उसके द्वारा भूख हड़ताल की जा रही है ऐसी मुझे कोई जानकारी नही है।

लक्ष्मण सिंह सारस

सीएमओ नपा मलाजखंड मोहगांव

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.