80 लाख की लागत से बना मिनी स्टेडियम में अभी तक नहीं हुई एक भी खेल प्रतियोगिता

 80 लाख की लागत से बना मिनी स्टेडियम में अभी तक नहीं हुई एक भी खेल प्रतियोगिता

वारासिवनी। नगर से दो किमी दूर सिकंद्रा पंचायत में मिनी स्टेडियम बनवाया गया है। इस खेल मैदान का निर्माण लगभग 80 लाख रुपये की लागत से पूर्व विधायक डॉ. योगेंद्र निर्मल ने लगभग तीन वर्ष पूर्व करवाया था। मगर इस खेल मैदान में अभी तक किसी भी प्रकार का कोई भी खेल प्रारंभ नहीं किया गया है। मध्य प्रदेश शासन एवं खेल युवा कल्याण विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को उभारने के उद्देश्य व मंशाओं को लेकर भारी भरकम राशि खर्च की गई थी। मगर उन पर पानी फिरता नजर आ रहा है। दरअसल, रानी अवंतीबाई स्टेडियम व देवधर ग्राउंड में खेलकूद अभ्यास की जा रही है। अभी तक वालीबॉल महिला खिलाडिय़ों को खेलने के लिए कोई भी स्थान नहीं मिला हैं।

ग्राम सिकंद्रा में बना यह खेल मैदान अभी तक किसी भी खेल के लिए तैयार नहीं किया गया है। जिसके चलते यहां भारी भरकम घास व गंदगी फैली रहती है। हालांकि इस मैदान को अभी तक पंचायत के सुपुर्द नहीं किया गया है जिसके चलते पंचायत अभी तक यह निश्चित नहीं कर सका है। सिकंद्रा निवासी राहुल पंचेश्वर ने बताया कि इस खेल मैदान को प्रारंभ नहीं करने के कारण यहां रोज शराबियों व जुआरियों का अड्डा बन गया है। जिसके चलते यहां आने जाने वाले बैठकर शराब पीया करते हैं। वहीं ग्राम में इसके अलावा ऐसा कोई भी मैदान नहीं है। जहां हम खेल सके। इस मैदान को चालू नहीं करने के कारण हम लोगों को बहुत परेशानी होती है। सरपंच को कई बार हमारे द्वारा खेलने के लिए स्टेडियम को खोलने के लिए कहा गया। मगर अभी तक स्टेडियम खेलने के लिए प्रारंभ नहीं करवाया गया है।

खेल मैदान में हुआ पौधारोपण में बड़ा घोटाला: ग्राम के युवक धनेंद्र चौधरी ने बताया कि पूर्व विधायक डॉ. योगेंद्र निर्मल द्वारा इस खेल मैदान का भूमिपूजन किया गया था। मगर मैदान के अंदर खेलने युंक्त जगह नहीं है। अभी तक मैदान को समतल भी नहीं किया गया है। पौधारोपण में इस मैदान में बड़ा घोटाला हुआ है। लगभग तीन लाख रुपये की लागत से लगभग 20 से 25 पौधे ही लगाए गए है। जो आधे पूरी तरह सूख चुके है। इस मैदान पर रोज ग्राम के ही युवक शराब व जुआ खेलते है। जिसके चलते यह मैदान अब खेलने युक्त भी नहीं है।

पंचायत को नहीं सौपा गया अभी तक खेल मैदान: सिकंद्रा ग्राम प्रधान विठोबा मात्रे ने बताया कि पूर्व विधायक द्वारा लगभग 80 लाख रुपये की लागत से ग्रामीण खेल मैदान बनवाया गया था। मगर अभी तक पंचायत को यह सौंपा नहीं गया है। इस मैदान में रोज असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। अगर यह खेल मैदान पंचायत को सौंप दिया जाएगा तो हम इसे और बेहतर बनाएंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.