कांग्रेस ने महंगाई की निकाली रैली, फूंका पुतला

 कांग्रेस ने महंगाई की निकाली रैली, फूंका पुतला



बालाघाट। देश में लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में आज 11 मई को जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया गया है। इस दौरान कांग्रेस कार्यालय में एकजुट हुए कांग्रेसियों ने महंगाई की यात्रा निकाली जो हनुमान चौक पर पहुंची और यहां पर महंगाई का पुतला जलाकर केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार के विरुद्ध आक्रोश व्यक्त किया गया है।

महंगाई की मार से बदहाल हुई स्थिति: 

जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष विश्वेश्वर भगत ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि देश में बेतहाशा बढ़ रही महंगाई से स्थिति बदहाल हो चुकी है। स्थिति यहां तक निर्मित हो गई कि दिहाड़ी मजदूरी करने वाले लोग सही तरीके से अपना पेट तक नहीं पाल पा रहे है। जिससे वे अपने परिवार के सदस्यों को शिक्षा व स्वास्थ्य तक उपलब्ध नहीं करा पा रहे है। उन्होंने कहा कि ये केंद्र व राज्य सरकार की बहुत बड़ी नाकामयाबी है जो देश में इतने बुरे हालात निर्मित हो गए है।

लगातार बढ़ रहे दाम, जनता हो गई त्रस्त: 

कांग्रेस ब्लाक कमेटी अध्यक्ष श्याम पंजवानी ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि देश में बढ़ रही महंगाई से जनता त्रस्त हो चुकी है। यहां रोजना पेट्रोल, डीजल के दाम आसमान को छू रहे है और आम जनता की पहुंच से दूर होते जा रहे है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस, खाद्य सामग्री व दवाईयों के दाम बढऩे से भी माली हालत खराब हो चुकी है और भाजपा सरकार महज एक दूसरे को आपस में लड़ाने का काम कर अपनी कमजोरियों को छुपाने का प्रयास कर रही है जिसे जनता अब समझ चुकी है और आगामी समय में इसका असर भी भाजपा को देखने को मिलेगा।

सिर्फ कुछ व्यापारियों को पहुंचा रहे फायदा:

पुतला दहन के दौरान कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आम जनता से कोई सरोकार नहीं है वे तो सिर्फ चंद व्यापारियों को फायदा पहुंचा कर पूरे देश का निजीकरण करने पर तुले हुए है और जनता महंगाई की मार से पुरी तरह से बर्बाद हो रही है। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई के साथ ही बेरोजगारी इस तरह से बढ़ गई है इसका समाधान करना मुश्किल हो रहा है। प्रदर्शन के दौरान झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष मकसूद खान, रहीम खान, अनूपसिंह बैस, नीटू कोशल, जीतू बर्वे समेत अन्य कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता व महिला पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.