मजदूरों का सम्मान उनका हक-रचना

 मजदूरों का सम्मान उनका हक-रचना 

महिला कांग्रेस ने किया मजदूर दिवस पर मजदूरों का सम्मान, प्रदेश सरकार के राज में विभागों से मजदूर गायब-भगत


बालाघाट। महिला कांग्रेस ग्रामीण जिलाध्यक्ष रचना लिल्हारे के नेतृत्व में 1 मई को अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर मजदूरों का सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। 

नगर के सरेखा स्थित फुले चौक पर आयोजित मजदूर सम्मान समारोह कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वेश्वर भगत, पूर्व एआईसीसी सदस्य श्रीमती पुष्पा बिसेन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जुगल शर्मा, शेषराम राहंगडाले, संतोष जैन, मकसूद खान, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्याम प पंजवानी, अधिवक्ता संजय गौतम, पार्षद छबिराम नागेश्वर, रामभाऊ पंचेश्वर, अनिल कसार, राजेश ठाकुर, आशीष शुक्ला, शानू राय, सुमन केवलानी, जुबेदा अंसारी, मजदूर संघ अध्यक्ष नीरज यादव सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरूष मजदूर साथी उपस्थित थे।

अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर लगभग 500 मजदूरों का महिला कांग्रेस के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं द्वारा गमछा, श्रीफल और प्रमाण पत्र देेकर सम्मानित किया। 

इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वेश्वर भगत ने महिला कांग्रेस के मजदूर सम्मान समारोह की सराहना करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही महिला और पुरूष मजदूरों को समान वेतन देने की वकालत की है लेकिन प्रदेश में 2004 से सत्ता पर काबिज प्रदेश की भाजपा सरकार ने मजदूरों को हटाने का काम किया है, जहां पहले विभागो में मजदूर रखे जाते है, आज वह मजदूर गायब हो गये है। विद्युत विभाग में मीटर वाचक और लाईनमेन को विभाग से हटाकर कंपनी के हाथो में सौंप दिया है। यह सरकार ना केवल किसान गरीब बल्कि मजदूर विरोधी सरकार है।

पूर्व एआईसीसी सदस्य एवं वरिष्ठ महिला नेत्री श्रीमती पुष्पा बिसेन ने काह कि तत्कालीन कमलनाथ सरकार ने गरीबो और मजदूरों को ध्यान में रखकर सौ यूनिट तक बिजली खपत में राहत दी थी और कई मजदूर हितैषी नीतियों को चलाया था लेकिन धोखे से भाजपा ने प्रदेश की सत्ता हथियाकर भ्रष्टाचार की दुकान खोल दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को तब तक पूरी राशि नहीं मिलती है, जब तक इसका संचालन करने वालो को ऊपरी रकम नहीं दी जाती है। प्रदेश में गरीबों और मजदूरों के साथ मानवता का रूख खत्म हो गया है। जो सरकार में गरीब, मजदूरों के प्रति भावना होनी चाहिये, वह नहीं है, लेकिन कांग्रेस हमेशा गरीबों और मजदूरों के साथ खड़ी थी, खड़ी है और खड़ी रहेगी। आज महिला कांग्रेस अध्यक्ष रचना लिल्हारे द्वारा मजदूरों का सम्मान किया है, वह तारीफे काबिल है। जिन्होंने अपनेे नाम के अनुसार रचनात्मक कार्य किया है।

संबोधन की कड़ी में महिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष रचना लिल्हारे ने देश का बोझ अपने कांधे पर उठाने वाले मजदूर भाई को नमन करते हुए कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि हम मजदूरो का सम्मान करने आज अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर एकत्रित हुए है। हर मजदूर को सम्मान का हक है, यदि मजदूर नहीं है तो निर्माण और विकास नहीं है, बिना मजदूर के किसी अच्छे निर्माण की कल्पना कतई संभव नहीं है। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार ने हमेशा ही मजदूरों को आगे बढ़ाने और उनके हक और अधिकार के लिए संघर्ष किया है और आगामी समय में महिला कांग्रेस मजदूरों को सम्मानजक मेहनताना मिले, इसके लिए हरस्तर पर प्रयास किया जायेगा। आज मजदूर, सरकार की नीतियों के आगे बेबस और लाचार है, जहां मजदूरों को 8 घंटे काम का कानून कांग्रेस ने बनाया था। वहीं मोदी सरकार ने श्रम कानून में बदलाव कर काम के घंटे को बड़ा दिया है लेकिन मजदूरों की मजदूरी नहीं बड़ी है। एक ओर तो सरकार मजदूरों से ज्यादा काम ले रही है और ऐवज में उन्हें ज्यादा काम का पैसा ना देकर उनका मानसिक, आर्थिक और शारीरिक शोषण कर रही है। जिसका कांग्रेस पार्टी विरोध करती है और विश्वास दिलाती है कि जहां भी मजदूरों के हक और अधिकार की बात आयेगी, वहां कांग्रेस उनके साथ खड़ी नजर आयेगी।

अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस पर पार्टी के पदाधिकारियों और अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। 

 मजदूर संघ जिलाध्यक्ष नीरज यादव ने महिला कांग्रेस द्वारा मजदूरों के सम्मान के लिए कार्यक्रम करके मजदूरों का सम्मान किये जाने पवर उनका आभार व्यक्त किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.