114805 किसानों से 103806 किसानों के स्लॉट हुए बुक

 114805 किसानों से 103806 किसानों के स्लॉट हुए बुक


बालाघाट. समर्थन मूल्य पर किसानों से धान की खरीदी के लिए स्लॉट बुकिंग के अंतिम दिन शाम तक 1790 किसानों के ही स्लॉट बुक हो पाए थे। हालांकि, स्लॉट बुकिंग का कार्य जारी रहा। इधर, जिले में धान की बिक्री के लिए 114805 किसानों ने अपना पंजीयन कराया है। जिसमें से अंतिम दिन तक 103806 किसानों के ही स्लॉट बुक हो पाए हैं। स्लॉट बुक करने वाले किसानों में से 86623 किसानों ने अपनी उपज बेच चुके हैं। इधर, कलेक्टर ने बुधवार को जिला उपार्जन समिति की बैठक ली। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समीक्षा की। वहीं स्लॉट बुकिंग में विक्रय योग्य धान की मात्रा का भौतिक सत्यापन करने के लिए जांच दल का गठन भी किया।

बैठक में बताया गया कि खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का कार्य 28 नवम्बर से प्रारंभ किया गया है। जो 16 जनवरी तक चलेगा। जिले में धान के शासकीय उपार्जन के लिए 196 उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं। इस वर्ष 5 जनवरी तक 86623 किसानों से 4469327.07 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी थी। जिले में विगत वर्ष 92678 किसानों से उपार्जन केन्द्रों में 466090 एमटी धान क्रय किया गया था। जिले में वास्तविक किसानों से खरीदी के लिए, उपार्जन अवधि के अंतिम दिवसों में खरीदी केन्द्रों पर उपार्जन का दबाव न बढ़े। इस कारण खरीदी के लिए स्लॉट बुकिंग में विक्रय योग्य धान की मात्रा का भौतिक सत्यापन किए जाने के लिए जांच दल का गठन किया गया है।

इन अधिकारियों को दल में किया शामिल

धान की मात्रा के भौतिक सत्यापन के लिए जो दल गठित किया गया है उसमें एसडीएम को अध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा तहसील स्तरीय उपार्जन नोडल अधिकारी, तहसीलदार या नायब तहसीलदार, संबंधित हल्के का पटवारी और उपार्जन केन्द्र पर नियुक्त नोडल अधिकारी को सदस्य बनाया गया है। उपरोक्तानुसार गठित जांच दल संबंधित उपार्जन केन्द्र से खरीदी के लिए शेष कृषकों की स्लॉट बुकिंग की सूची प्राप्त करेंगे। किसानों पर उपलब्ध धान का भौतिक सत्यापन करेंगे। निर्धारित पत्रक में समस्त जानकारी भरेंगे। निरीक्षण, सत्यापन में पाई गई स्थिति के अनुसार कार्यवाही करेंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.