मंत्री और अधिकारी बने शिक्षक, बच्चों को पढ़ाया
बालाघाट। 17 जुलाई को मंत्री, कलेक्टर और जिला प्रशासन के विभिन्न अधिकारी आवंटित स्कूलों में पहुंचे। जिन्होंने बच्चों को एक घंटे पढ़ाया। वहीं स्कूलों में पुस्तकों के अलावा जरूरत की सामग्रियां भी भेंट की। राज्य स्तरीय कार्यक्रम मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में शाजापुर जिले के गुलाना में आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम का जिले के सभी स्कूलों में सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। बच्चों को अच्छी शिक्षा व संस्कार दें शिक्षक 17 से 19 जुलाई तक चलाए जा रहे स्कूल चले हम अभियान के तहत प्रदेश के आयुष मंत्री रामकिशोर कावरे ग्राम टेकाड़ी, धनसुआ एवं नवेगांव स्कूल में शामिल हुए। इन्होंने संबोधन में कहा कि शिक्षकों के बच्चों को बताई गई बातें उन पर गहरा प्रभाव डालती है। शिक्षक बच्चों को अच्छी शिक्षा देकर उनका भविष्य संवारने का काम करते हैं। शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के साथ ही उन्हें अच्छे संस्कार एवं शिष्टाचार भी सिखाएं। बच्चे भविष्य में अच्छे नागरिक बन सकें और देश सेवा में अपना योगदान दे सकें। इन्होंने टेकाड़ी हाई स्कूल से कक्षा 10 वीं में 88.6 प्रतिशत अंक प्राप्त करने छात्र योगेश देशमुख एवं करण शिव को सम्मानित भी किया। वहीं स्कूल परिसर में पौधा भी लगाया। कार्यक्रम में सरपंच रश्मि तारा कावरे, दयावंती सोनी, शिक्षक, गणमान्य एवं पालक, जनपद सीईओ गायत्री सारथी, तहसीलदार नीतिन चौधरी उपस्थित थे। कलेक्टर ने पढ़ाया स्वच्छता पाठ कलेक्टर डॉ गिरीश मिश्रा ने हायर सेकेंडरी स्कूल केशलेवाड़ा में बच्चों से संवाद किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि वे भी गांव के स्कूल से पढकऱ ही आगे बढ़े हैं। बच्चे स्वयं को कमजोर ना समझें, प्रतिभा सभी में होती है, उसे निखारने एवं अवसर देने की जरूरत होती है। इसमें शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने शिक्षकों से भी चर्चा की और उनकी समस्याओं को सुना। स्कूल परिसर में पौधा भी लगाया। उन्होंने प्राचार्य एवं शिक्षकों से कहा कि वे शाला परिसर को साफ-सफाइ बनाएं रखें। सीईओ ने बच्चों से की बौद्धिक चर्चा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित बालाघाट के सीईओ आरसी पटले अभियान के तहत प्राथमिक स्कूल गणेशपुर लालबर्रा पहुंचे। यहां उन्होंने कक्षा चौथी और पांचवी के बच्चों से बौद्धिक चर्चा की। वहीं पाठ्यक्रम के अनुसार पहाड़े और दीवार में लिखे स्लोगन पढवाकर उनकी बौद्धिक क्षमता को जाना। बच्चों ने पहाड़े और स्लोगन बोलकर सुनाया। पटले ने राज्य शिक्षा केंद्र से प्रदाय की जाने वाली पुस्तकें, मध्यान भोजन, पीने के पानी सहित अन्य जानकारी शिक्षिका संगीता कातुरे, रेखा कसार से ली। इस दौरान पालक शिक्षक संघ अध्यक्ष अनुसूईया रामटेके भी उपस्थित रही। इन अधिकारियों ने भी बच्चों को पढ़ाया अपर कलेक्टर शिवगोविंद मरकाम नवीन हायर सेकेंडरी स्कूल बुढी पहुंचे थे। जिपं सीईओ डीएस रणदा एमएलबी स्कूल बालाघाट, उप संचालक मत्स्योद्योग शशिप्रभा धुर्वे हायर सेकेंडरी स्कूल कायदी, उप संचालक कृषि राजेश खोब्रागड़े रामपायली, उपायुक्त सहकारिता अंजुली वाघमारे कनकी, महिला बाल विकास अधिकारी वंदन धूमकेती एकोड़ी की शाला में बच्चों से संवाद करने पहुंची थी। इसी तरह खेल अधिकारी कृष्ण चौरसिया अमोली माध्यमिक स्कूल पहुंचे थे। जिन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी भाग लेने कहा और खेल सामग्री वितरित की। जिपं परियोजना अधिकारी नेत्रा उके गायखुरी की शाला पहुंची थी। सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग अंजना जैतवार सरंडी, जनपद सीईओ गायत्री सारथी टेकाड़ी, श्रम पदाधिकारी दामिनी सिंह मांझापुर, जिला योजना अधिकारी बलवंत रहांगडाले बुढी, डिप्टी कलेक्टर मुन्नवर खान देवटोला, एसडीएम कामिनी ठाकुर शेरपार, सहायक संचालक उद्यान हरगोविंद धुवारे मुरझड़, जिला आबकारी अधिकारी सुरेन्द्र उरांव जागपुर स्कूल पहुंचे थे।