रसोई गैस सिलेंडर को रख चुल्हा जलाकर जताया विरोध

 रसोई गैस सिलेंडर को रख चुल्हा जलाकर जताया विरोध


  बालाघाट. बढ़ती महंगाई के विरोध में महिला कांग्रेस ने अनूठा प्रदर्शन किया। हनुमान चौक में रसोई गैस रखकर चुल्हा जलाया। रैली निकालकर विरोध जताया।

  प्रदेश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ रविवार को महिला कांग्रेस ने जिला कांग्रेस कार्यालय से रैली निकाली। हनुमान चौक पर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा के समक्ष धरना दिया। इस दौरान गैस सिलेंडर को पास में रखकर चुल्हा जलाया। रसोई गैस के बढ़ते दाम सहित महंगाई का विरोध जताया। इतना ही नहीं महंगाई बढऩे पर तत्कालीन कांग्रेस सरकार की खिलाफत करने वाली वर्तमान मंत्री स्मृति ईरानी का प्रतिकात्मक पुतला बनाकर उसके समक्ष महंगाई को लेकर सवाल भी खड़े किए। धरना प्रदर्शन में महिला कांग्रेस अध्यक्ष रचना लिल्हारे, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जुगल शर्मा, शेषराम राहंगडाले, नारी सम्मान योजना जिला प्रभारी अनुराग चतुरमोहता, सुकदेव मुनी कुतराहे, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्याम पंजवानी, सेवादल अध्यक्ष जीतु बर्वे, एनएसयूआई विजय भौतेकर, पार्षद प्रवीण मदनकर, धर्मेन्द्र बोपचे, ओपी बिसेन, शिवम शर्मा, बेरोजगार प्रकोष्ठ अध्यक्ष गोविल चौरे सहित अन्य मौजूद थे। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए महिला कांग्रेस अध्यक्ष रचना लिल्हारे ने कहा कि आज पेट्रोल से ज्यादा दाम में टमाटर बिक रहे है। इतना ही नहीं पेट्रोलियम पदार्थ, रसोई गैस सिलेंडर, खाद्य पदार्थों के दामों में काफी वृद्धि हो गई है। रसोई गैस के दाम बढऩे से महिलाएं पुन: चुल्हे में खाना पकाने लगी है। बावजूद इसके सरकार इसे गंभीरता से नहीं ले रही है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष जुगल शर्मा, शेषराम राहंगडाले ने कहा कि महंगाई पर ढोल, नगाड़ों के साथ प्रदर्शन करने वाली स्मृति ईरानी अब खामोश है। जबकि तत्कालीन कांग्रेस सरकार में महंगाई के खिलाफ उन्होंने आंदोलन किया था। नारी सम्मान योजना प्रभारी अनुराग चतुरमोहता ने महंगाई के साथ आयोग अध्यक्ष गौरीशंकर बिसेन पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता जनता को गुमराह कर वोटो को कंवर्ट करने की राजनीति कर रहे हंै। इसके अलावा उन्होंने अनेक बातें कही। इस अवसर पर महिला कांग्रेस पदाधिकारी अनिता चिचखेड़े, छाया गोंडाने, पायल उके, रजनी धानेश्वर, चंपाबाई परते, सागनबाई मड़ावी, सुनीताबाई पालेवार, शकुंतला कटरे, संजू भालाधरे, जयश्री भालाधरे, संजू लिल्हारे, मंदा चौरे, अंजली बिसेन सहित अन्य मौजूद थे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.